(जीवन दिशा न्यूज़) दिल्ली पुलिस ने बच्चों के लापता होने और गुमशुदगी के मामलों को लेकर फैल रही अफवाहों पर स्पष्ट बयान जारी किया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त एवं जन संपर्क अधिकारी श्री संजय त्यागी ने कहा है कि इन मामलों में घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
दिल्ली में लापता मामलों पर अफवाहें फैलने पर पुलिस का जवाब
हाल ही में सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर दिल्ली में बच्चों सहित लोगों के लापता होने के आंकड़ों को लेकर भ्रामक और अतिरंजित अफवाहें फैलाई जा रही हैं। दिल्ली पुलिस ने इन अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि विगत वर्षों की तुलना में गुमशुदगी के मामलों में कोई वृद्धि नहीं हुई है। बल्कि जनवरी 2026 में दर्ज मामलों की संख्या पिछले वर्षों की समान अवधि से कम रही है।
श्री संजय त्यागी ने कहा, “हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि गुमशुदगी, विशेषकर बच्चों के लापता होने को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों से घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। विगत वर्षों की तुलना में गुमशुदगी के मामलों में वृद्धि नहीं हुई है। दिल्ली पुलिस त्वरित जांच व कार्रवाई के साथ नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।”
पुलिस ने आगे बताया कि दिल्ली में बच्चों के लापता होने या अपहरण के मामलों में किसी भी संगठित गिरोह की संलिप्तता का कोई सबूत नहीं मिला है। सभी मामलों की जांच SOP के अनुसार की जाती है, जिसमें बच्चों के मामलों को विशेष प्राथमिकता दी जाती है। पुलिस की रिपोर्टिंग प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष है, जिससे आंकड़ों में कोई छेड़छाड़ संभव नहीं।
जनता से अपील और चेतावनी
दिल्ली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऐसी भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें और विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी लें। साथ ही, अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली पुलिस नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए हेल्पलाइन और पुलिस स्टेशन उपलब्ध हैं।

Jeevan Disha News
Demo Description
Demo Description
Demo Description